मंसूरपुर। क्षेत्र के गांव नावला में गौकशी कर रहे गौ हत्यारे ग्रामीणों को देखकर अवशेष छोड़कर फरार हो गए। ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। इस मामले में विश्व हिंदू महासंघ के प्रदेश मंत्री प्रमोद त्यागी ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित पूरे प्रदेश में गौकशी की घटना बढ़ रही हैं जिसे रोकने में प्रशासन पूरी तरह असफल है। उन्होंने कहा कि जनपद में गौकशी के मामले लगातार बढ़ रहे है।
बीती रात थाना मंसूरपुर के नावला गांव में गौकशी करने वाले कुछ अज्ञात आरोपी एक ग्रामीण वासुदेव त्यागी के खेत में 3 बैल, काट रहे थे। रात्रि 2 बजे के आसपास अपनी ट्यूबवेल पर आया तो उसको देख कर कुछ अज्ञात आरोपी कार वापिस मोड़कर भाग गए। आशंका व्यक्त की जा रही है कि उस कार से गोमांस लेकर जाया जाता, बाकी अज्ञात आरोपी भी फरार हो गए। सुबह मार्निंग वॉक पर गए बच्चो ने उक्त गोमांस को देखा और शोर मचाया। बच्चो के शोर मचाने पर ग्रामीण एकत्र हो गए, जिसकी सूचना डायल 112 पर दी गई। तत्पश्चात पुलिस मौके पर पहुंची। वासुदेव ने बताया कि एक गाड़ी कटे अवशेषों को उठाने के लिए भी चक्कर लगा रही थी, लेकिन पुलिस हूटर व उसकी उपस्थिति को देख आरोपी फरार हो गए। घटना से गांव वालों में रोष व्याप्त है, ग्रामीणों ने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाने की मांग की है। साथ ही साथ ये भी बताया कि काफी समय से इस गांव में गौकशी चल रही है, लेकिन स्थानीय पुलिस की उदासीनता से गौहत्यारों के हौसले बुलंद हैं।
विश्व हिंदू महासंघ के प्रदेश मंत्री प्रमोद त्यागी ने बताया कि घटनास्थल पर आरोपी रस्सी जिसमें गौवंश को बांधा गया था, हथियार व अपने कपड़े भी मौके पर छोड़ गए हैं, उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता है, तो आंदोलन किया जायेगा।